Nainital uttranchal deep
टोल प्लाजा देता फ्री ये सुविधाएं
टोल टैक्स देने के बाद आगे की यात्रा के दौरान आपको कुछ फ्री इमरजेंसी सुविधाएं भी दी जाती हैं। इन सुविधाओं में एंबुलेंस, क्रेन से लेकर गाड़ी में डीजल व पेट्रोल खत्म होने पर ईंधन उपलब्ध कराना शामिल है।रामपुर-काठगोदाम फोर लेन का काम पूरा होने वाला है, उत्तराखंड आने वालों और उत्तराखंड से बाहर जाने वालों को अब टोल प्लाजा पर टैक्स देना होगा। इसलिए यह जानकारी कुमाऊं के वाशिंदों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। वैसे नेशनल हाइवे पर आप निजी वाहन से जिस भी दिशा में निकलते हैं हर 70-80 किलोमीटर पर टोल प्लाजा पर टैक्स देना पड़ता है, लेकिन निजी वाहन से यात्रा करने वाले ज्यादातर लोगों को यह नहींपता कि टोल प्लाजा पर टोल टैक्स देने के बाद आगे की यात्रा के दौरान आपको कुछ फ्री इमरजेंसी सुविधाएं भी दी जाती हैं। इन सुविधाओं में एंबुलेंस, क्रेन से लेकर गाड़ी में डीजल व पेट्रोल खत्म होने पर इन्हें उपलब्ध कराना शामिल है। लोग अपने निजी वाहनों से जब राष्ट्रीय मार्ग पर चलते हैं तो टोल प्लाजा पर टैक्स देने के बदले रसीदे मिलती है। क्या आप जानते हैं कि रसीद के कितने फायदे हैं...। इसलिए आपको सलाह है कि टोल प्लाजा की रसीदों को तब तक संभालकर रखें, जब तक आपकी यात्रा पूरी नहींहो जाती है। अगर रसीदे खो दी तो टोल प्लाजा द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं से आप वंचित रह सकते हैं। नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से जारी की जाने वाली रसीद के पीछे चार फोन नंबर छपे होते हैं। इन चार फोन नंबर में पहला हेल्पलाइन, दूसरा क्रेन सर्विस का, तीसरा एंबुलेंस सर्विस का और पेट्रोल-डीजल सर्विस का होता है। दरअसल राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यात्रा के दौरान टोल टैक्स लेने के बदले यात्रियों को ये सेवाएं फ्री देता है। ये चारों नंबर नेशनल हाइवे अथारिटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी मिल जाएंगे। खास बात यह है कि ये चारों हेल्पलाइन नंबर तुरंत उठते हैं और तत्काल मदद उपलब्ध की जाती है।
नेशनल हाईवे पर यात्रा के दौरान कभी भी मेडिकल इमरजेंसी आवश्यकता पड़ सकती है। यानी आप या आपके साथ यात्रा कर रहा कोई व्यक्ति बीमार होता तो आप रसीद पर दर्ज मेडिकल इमरजेंसी फोन नंबर पर कॉल कर कॉल के 10 मिनट में एम्बुलेंस पहुंच जाएगी। यदि हल्की फुल्की चिकित्सा की जरूरत है तो ये तुरंत दी जाएगी, अन्यथा एम्बुलेंस तुरंत रोगी को निकटवर्ती अस्पताल या नर्सिंग होम तक पहुंचा देगी। पूरे देश के नेशनल हाईवे पर यात्रा के समय किसी भी तरह की दिक्कत के लिए 1033 और 108 हेल्पलाइन नंबर है, इस पर भी तुरंत मदद मिलती है। यह सेवा चौबीस घंटे चालू रहती है। यदि अचानक आपकी गाड़ी का ईंधन खत्म हो जाए तो चिंता की बात नहीं है, आप सड़क के किनारे वाहन खड़ा करें और रसीद पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर या फिर पेट्रोल हैल्प लाइन नंबर पर फोन करें, आपको जल्दी ही पांच या 10 लीटर पेट्रोल अथवा डीजल की आपूर्ति कर दी जाएगी। इस ईंधन की कीमत का भुगतान आपको ही करना होगा। इसके अलावा यात्रा के समय आपके वाहन में कोई खराबी आ जाए तो नेशनल हाईवे की हेल्पलाइन तुरंत मदद करेगी। नेशनल हाईवे की हेल्पलाइन अपने वाहन से एक मैकेनिक को लेकर आपके पास पहुंचेगी मैकेनिक को लेकर आने की सुविधा तो मुफ्त है लेकिन आपकी कार या वाहन में जो खराबी है, उसका चार्ज जरूर मैकेनिक वसूल करेगा। यदि वाहन में कोई बड़ी खराबी है तो आपके वाहन को क्रेन उठाकर निकटवर्ती सर्विस सेंटर तक पहुंचा देगी। सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, रिकवरी वैन और सिक्योरिटी टीम रहती है, लेकिन आमतौर पर लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती और सफर के दौरान कोई समस्या आती है तो परेशान हो जाते हैं, तनाव में आ जाते हैं, समझ में नहीं आता कि क्या करें किसकी मदद लें।
नेशनल हाइवे अथारिटी के हैल्पलाइन नंबर
हेल्पलाइन नंबर - 1033,108
क्रेन हेल्पलाइन नंबर - 8577051000, 7237999955
एंबुलेंस हेल्पलाइन नंबर - 8577051000, 7237999911
पेट्रोल हेल्पलाइन नंबर - 8577051000, 7237999944
hindi

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें